KODARMA : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत करियांवां गांव में शनिवार रात चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों द्वारा चोरी के लिए अपनाए गए हथकंडे से लोग हैरान हैं। बताते चलें कि बीती रात जिस गांव में चोरी हुई है, चोरों द्वारा वहां पहले घर जाने वाले 440 वोल्ट वाले तार को आपस में शॉर्ट सर्किट कर दिया गया, जिससे गांव भर की लाइट चली गई। इसके पश्चात अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोर अलग – अलग तीन घरों में प्रवेश कर गए और चोरी की घटना को बड़े सटीक तरीके से अंजाम दे दिया है। मिली जानकारी के अनुसार करियांवां गांव निवासी जिन तीन घरों में चोरी हुई है, उसमें छोटू मियां, इलियास और कल्लू मियां का घर शामिल है। वहीं छोटू मिया की पत्नी ने बताया कि उनके पति गोवा में काम करते हैं। वे अपनी पुत्री के साथ घर पर अकेली थीं और घर के दूसरे तल्ले पर सो रही रहीं। रात के करीब 1 बजे उन्हें कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। जिसके पश्चात वे छत से नीचे आईं, उन्होंने देखा कि नीचे के एक कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला हुआ था। जिसपर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। इसके पस्चात उन्होंने शोर मचाया, जिसपर आस पास के लोग इकठ्ठा हो गए। इधर अंधेरे का फायदा उठाकर चोर वहां से भागने में फरारहो गए। इधर कल्लू मियां ने बताया कि वह रात को करीब 11:00 बजे अपने खेतों में गेहूं की फसल में पटवन करने हेतु गए हुए थे। वहीं उनका पूरा परिवार घर पर सोया हुआ था। रात को 12:00 बजे अचानक से लाइट चली गई, इसके पश्चात एक कमरे में जिसमें नगदी व जेवरात रखे हुए थे, चोरों द्वारा उस कमरे का ताला काट कर अंदर प्रवेश कर लिया गया और बड़े ही इत्मीनान से चोरों ने बक्से व अलमीरा में रखें गहने को निशाना बनाया और वहां से सब समान लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरों द्वारा उनके घर से कपड़ो से भरा दो बक्सा, नए बर्तन और 10 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं। दूसरी घटना इसी गांव के छोटू मियां के घर में हुई है। वहीं बीती रात चोरों द्वारा इलियास मिया के घर को भी निशाना बनाया गया है। चोरों द्वारा उनके बहू के कमरे से 1 लाख के जेवरात और नगदी चोरी कर लिया गया है। इधर घटना की सूचना जयनगर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की छानबीन की जा रही है। बताते चलें कि कोडरमा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटना पिछले दो सालों से लगातार बढ़ गई है, जिस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। इधर घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से गांवों में अतिरिक्त गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.


