भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा की अंतिम यात्रा शुक्रवार प्रातः 11 बजे उनके निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर से रीजनल पार्क मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। नरेंद्र सलूजा को उनके पुत्र मीत सलूजा ने मुखाग्नि दी। सलूजा का बुधवार को इंदौर में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने शुक्रवार को इंदौर स्थित उनके निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवारजनों को ढांढस बंधाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश सगंठन महामंत्री हितानंद ने भी नरेंद्र सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
यह भी पढ़े : कोडरमा सदर अंचल का हल्का कर्मचारी 10 हजार घूस लेते गिरफ्तार
नरेन्द्र सलूजा भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता थे -डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरेंद्र सलूजा के निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर पहुंचकर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद्र सलूजा का असामयिक निधन भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। सलूजा भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता थे। पार्टी ने एक होनहार व्यक्ति को खो दिया है यह दुखद है। मैं भगवान महाकाल से कामना करता हूं कि सलूजा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
सलूजा का हमारे बीच से जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति-वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने नरेंद्र सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद्र सलूजा का असमय निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने एक अच्छे वक्ता को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
पंचतत्व में विलीन हुए सलूजा
नरेंद्र सलूजा की अंतिम यात्रा शुक्रवार को प्रातः 11 बजे निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर से रीजनल पार्क पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, रमेश मेंदोला सहित पार्टी कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में समाजजन व इंदौर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।