रांची : पलामू में नवविवाहित महिला अपने प्रेमी के साथ ससुराल से फरार होने की फिराक में थी। इससे पहले की दोनों के भागने की योजना सफल होती ससुराल वालों ने दोनों को पकड़ लिया। वहीं, महिला के पति को जब इस बात का पता चला कि उसकी पत्नी किसी और के साथ इश्क लड़ा रही है तो उसने ऐसा फैसला लिया जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है।
दरअसल, पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के भीतकिला गांव निवासी सनोज सिंह की शादी लेस्लीगंज के तुकाडीह निवासी प्रियंका के साथ बीते 10 मई को पूरे रीति-रिवाज के साथ सम्पन्न हुई थी। दुल्हन प्रियंका ससुराल में थी तभी सोमवार को उसका प्रेमी जितेंद्र विश्वकर्मा उसके पास पहुंच गया। इसकी भनक महिला के ससुरालवालों को लग गई जिसके बाद जितेंद्र को उन्होंने पकड़ लिया।
पूछताछ में जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि प्रियंका के साथ उसका प्रेम संबंध वर्ष 2012 से ही चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, पर प्रियंका के परिवार वाले जाति अलग होने के कारण राजी नहीं थे। जब प्रियंका के पिता को हमारे प्रेम संबंध का पता चला तो उन्होंने उसकी शादी आनन-फानन में सनोज से करा दी। प्रेमिका की शादी की बात पता चलते ही वह उसके ससुराल पहुंचा था।
यह कहानी सामने आने के बाद सनोज सिंह ने पत्नी प्रियंका को उसके प्रेमी जितेंद्र के हवाले करने का फैसला किया। प्रियंका और उसके प्रेमी जितेंद्र का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं और दोनों एक साथ जीवन गुजारना चाहते हैं। इस बीच पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। तय हुआ कि प्रियंका के घरवालों को बुलाकर उनके सामने उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया जाएगा।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



