देवघर। सावन माह की पहली सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ने को तैयार है। रविवार से ही लाखों की संख्या में कांवरिया श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर की ओर बढ़ते दिखाई दिए। सोमवार को जलार्पण करने की इच्छा के साथ श्रद्धालु तेज गति से कांवरिया पथ पर आगे बढ़ते रहे।
यह भी पढ़े : मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बाबा आम्रेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना
रविवार को हुई हल्की बारिश ने लंबी यात्रा से थके कांवरियों को राहत पहुंचाई और उनमें नई ऊर्जा का संचार किया। पिछले कुछ दिनों की तुलना में कांवरियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। जगह-जगह “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा बाबा नगरी भक्तिमय माहौल में डूब गया।
पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां कर ली हैं। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के नेतृत्व में रविवार सुबह कांवरिया पथ, रूट लाइन, अमानत घर, मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शनिवार को आयोजित ब्रीफिंग बैठक में अनुमान जताया गया था कि पहली सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
रविवार शाम तक हजारों कांवरिया देवघर की सीमा में प्रवेश कर मंदिर की ओर बढ़ने लगे थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह स्पष्ट हो गया कि पहली सोमवारी पर बाबा नगरी में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ेगा। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण कराने में जुटे हुए हैं।



