पलामू। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर जिला एवं चार्ज स्तर के पदाधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को डीआरडीए सभागार में शुरू हुआ।
यह भी पढ़े : नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत के दोषी ट्यूशन टीचर को 5 साल की सजा
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी एवं सदर एसडीओ सुलोचना मीणा द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। यह प्रशिक्षण 25 मार्च तक चलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त सह जनगणना प्रधान समीरा एस ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सावधानी के साथ किया जाए, ताकि सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें। उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर बल दिया।
वहीं, जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने कहा कि आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को भी जनगणना प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। उन्होंने सभी अधिकारियों को जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों एवं नगर निकायों के जनगणना पदाधिकारी उपस्थित थे।


