मोतिहारी। जिले के पलनवा थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन नाबालिग किशोरों को ग्रामीणों के सहयोग से शुक्रवार को एक देसी कट्टा और दो चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों किशोर परसौना तपसी के अकबर चौक पर घूम रहे थे। जिन्हें देख स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। पहले उन्होंने कहा कि वैसे ही घूम रहे हैं, फिर बाद में किसी लड़की से मिलने आने की बात कही। वहीं उनमें शाहिद अफरीदी नाम का एक लड़का अपने मौसी के घर होने की बात कहा। ग्रामीणों ने उनकी तलाशी लेनी शुरू कर दी और जो सामने आया उसे देख सभी भौंचक रह गए। इनमें दो लड़कों के पास से तो 2 चाकू मिले, परन्तु एक लड़का के पास से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ। जिन्हें ग्रामीणों ने थाना पुलिस को बुलाकर सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि अभी उनसे पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद मामला स्पष्ट हो सकेगा।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.





