लातेहार। लातेहार एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव के पास छापामारी अभियान चलाकर नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद के दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सलियों में सब जोनल कमांडर आकाश सिंह और दस्ता सदस्य अरुण प्रजापति शामिल है। दोनों लातेहार जिले के छिपादोहर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से एक बंदूक , छह गोलियों के अलावा कई अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड जनमुक्ति परिषद के नक्सली किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से सदर थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव के निकट जमा हो रहे हैं। सूचना पर पुलिस की एक टीम बनाकर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की गई। छापामारी के क्रम में जब पुलिस तुलबुल तालाब के पास पहुंची तो वहां एक बोलेरो पर संदिग्ध अवस्था में दो लोगों को पकड़ा गया। छानबीन के क्रम में उनके पास से एक बंदूक और गोलियां बरामद हुई। बाद में पूछताछ के दौरान पता चला कि हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्ति झारखंड जनमुक्ति परिषद के उग्रवादी हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सब जोनल कमांडर आकाश सिंह पर लातेहार समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में 10 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि उग्रवादियों के खिलाफ की गई छापामारी अभियान में पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर चौधरी, पुलिस इंस्पेक्टर बबलू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।