- स्वदेश संवाददाता
हजारीबाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिला स्वास्थ्य समिति, हजारीबाग ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए संविदा आधारित रिक्त एवं बैकलॉग पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, काउंसलर, ब्लॉक डाटा मैनेजर, एक्स-रे टेक्नीशियन, ऑक्सीजन ऑपरेटर, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट सहित कई अन्य पदों पर योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कुल 182 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।भर्ती प्रक्रिया के तहत एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, एक्स-रे टेक्नीशियन, ब्लॉक डाटा मैनेजर, ऑक्सीजन ऑपरेटर, काउंसलर, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, साइकियाट्रिक सोशल वर्कर, अकाउंटेंट, एसटीएस, एसटीएलएस, टीबी-एचवी, हॉस्पिटल अटेंडेंट, सैनिटरी अटेंडेंट समेत कुल 37 प्रकार के पद शामिल हैं।सबसे अधिक 46 पद स्टाफ नर्स तथा 28 पद एएनएम के लिए हैं। इसके अलावा एसएनसीयू, एनयूएचएम, आरबीएसके, एनसीडी क्लिनिक, एनटीईपी और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए भी विभिन्न पदों पर नियुक्ति की जाएगी।ऑनलाइन आवेदन 14 जुलाई से शुरू हो चुका है और अभ्यर्थी www.nhmhazaribagh.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी अर्हता तथा आवश्यकता अनुसार लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षण एवं साक्षात्कार के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। अंतिम चयन सूची जिला स्वास्थ्य समिति की वेबसाइट पर प्रकाशित होगी।सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी एवं सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन क्यूआर कोड के माध्यम से करना होगा।भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा अनारक्षित वर्ग के लिए 35 वर्ष, पिछड़ा वर्ग के लिए 37 वर्ष, महिला (अनारक्षित/पिछड़ा वर्ग) के लिए 38 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम पांच वर्ष की अतिरिक्त आयु छूट मिलेगी।प्रत्येक चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए संविदा आधार पर होगी। कार्य संतोषजनक रहने पर संविदा अवधि का विस्तार किया जा सकेगा। चयनित अभ्यर्थियों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा, लेकिन नियमितीकरण का दावा मान्य नहीं होगा।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस भर्ती से जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग नियंत्रण तथा शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.


