कोडरमा। जिले के झुमरीतिलैया स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद रविवार रात जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन देने तथा लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान आकाश पासवान (28 ), निवासी रायडीह, थाना नवलशाही के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े : ग्रामीणों ने डीलर पर लगाया पैसे मांगने का आरोप
परिजनाें से मिली जानकारी के अनुसार, आकाश पासवान सूरत से अपने घर आया था। शनिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए जीवन ज्योति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर तक उसकी तबीयत में सुधार हो रहा था। इसी दौरान अस्पताल में उसे एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने आनन-फानन में उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि रास्ते में ही उन्हें आशंका हुई कि आकाश की मौत हो चुकी है। इसके बाद वे उसे वापस जीवन ज्योति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि, इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



