पूर्वी सिंहभूम। डिमना चौक के आसपास लाइसेंसी शराब दुकानों के बाहर कथित तौर पर खुलेआम शराबखोरी और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को पूर्व भाजपा नेता सह समाजसेवी विकास सिंह ने इस मामले को लेकर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि डिमना चौक के दोनों ओर स्थित शराब दुकानों के सामने सुबह से लेकर रात तक सड़क किनारे शराब पीने वालों की भीड़ लगी रहती है। अंधेरा होते ही शराब के नशे में धुत लोग महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, जिससे आसपास के लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़े : विजया गार्डन की 10वीं मंजिल से कूदकर टाटा स्टील के पूर्व चीफ की मौत, पुलिस जांच में जुटी
विकास सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन यदि समय रहते इन शराब दुकानों के आसपास खुलेआम शराब पीने वालों पर कार्रवाई नहीं करता है तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटना होने के बाद स्थिति जिला प्रशासन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों शराब दुकानों के आसपास नियमित जांच और शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि डिमना चौक के एक ओर स्थित शराब दुकान उलीडीह थाना क्षेत्र में और दूसरी दुकान एमजीएम थाना क्षेत्र में आती है। विकास सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें दिनदहाड़े एक टेंपो के अंदर कुछ लोगों को बैठकर शराब का पैग तैयार करते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने पुलिस से ऐसे स्थानों पर सख्ती बरतने और सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी पर रोक लगाने की मांग की है।


