खूंटी। रनिया थाना क्षेत्र के कोडाकेल गांव निवासी झारखंड पुलिस की 58 वर्षीय हवलदार गौरी बड़ाईक का मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह गिरिडीह जिले में हवलदार के पद पर पदस्थापित थीं।
यह भी पढ़े : किफायती और धरातल पर उतारने लायक तकनीकों के साथ आगे आएं वैज्ञानिक : कृषि सचिव
परिजनों के अनुसार, गौरी बड़ाईक की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। इस कारण वह अपने कोडाकेल स्थित आवास पर रह रही थीं। मंगलवार को घर के बाथरूम में गिरने के बाद वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हवलदार के निधन की सूचना मिलने पर रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार और पुलिस अवर निरीक्षक कंचन कुमार कुशवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंची सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरी बड़ाईक के निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस एसोसिएशन की ओर से पुलिस लाइन परिसर में उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दिवंगत हवलदार को श्रद्धांजलि अर्पित की।





