पटना। पटना सिविल कोर्ट को शुक्रवार को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस ने एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा दिया और न्यायालय का कामकाज रोक दिया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
यह भी पढ़े : प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन कर नीतीश कुमार तुरंत निकले, जदयू ने कहा- कार्यक्रम में रुकना तय नहीं था
धमकी भरे ई-मेल में सिविल कोर्ट के सभी भवनों को बम से उड़ाने की बात कही गई है। सूचना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया और परिसर में मौजूद लोगों तथा कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। पुलिस की ओर से धमकी वाले ई-मेल की भी जांच की जा रही है। इसके माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश कहां से और किस माध्यम से भेजा गया।
टाउन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी-1) राजेश कुमार ने बताया कि ई-मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम न्यायालय परिसर की तलाशी ले रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि धमकी के बाद फिलहाल सिविल कोर्ट का कामकाज प्रभावित है और सुरक्षा जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


