रांची। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफ़े का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कैफे सिर्फ झारखंड के पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर, श्रम, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को नया मंच देने की महत्वपूर्ण पहल है।
यह भी पढ़े : झारखंड में अब तक 859 मिमी बारिश रिकॉर्ड, सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम में हुई बरसात
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुसार प्रशिक्षण देने के बाद ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पलाश के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार, बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने का प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों के उत्पादों एवं खाद्य सामग्री को प्राथमिकता दिलाने के लिए जेएसएलपीएस लगातार काम कर रहा है। सरकार पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफ़े का विस्तार करेगी। अगले छह महीनों में रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट के उद्घाटन का लक्ष्य है। भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफ़े शुरू किया जाएगा।
मौके पर जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


