पलामू। बिहार में शराबबंदी के बावजूद झारखंड से शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्करों ने शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए नया तरीका अपनाया था। फल की पेटियों में शराब की बोतलें छिपाकर यात्री बस से बुधवार को बिहार ले जाई जा रही थीं। हालांकि, पड़वा पुलिस की सतर्कता से तस्करों की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस ने बस की छत और डिक्की से 30 पेटी शराब बरामद की। तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े : चतरा में एनटीपीसी परियोजना में कन्वेयर बेल्ट का ढांचा गिरने से
पुलिस के अनुसार, डालटनगंज से बिहार की ओर जा रही जय मां नामक बस में शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना पड़वा पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बस को रोककर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान फल की पेटियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई से बस में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने बताया कि बस में यात्रियों की काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर शराब तस्कर पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब की खेप अपने कब्जे में ले ली है। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।
पड़वा पुलिस के अनुसार, कुल 30 पेटी शराब बरामद की गई है। कार्रवाई दल में पड़वा थाना के सब इंस्पेक्टर चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ शामिल थे। इस संबंध में बुधवार सुबह 10 बजे जानकारी सामने आई।




