रांची। झारखंड में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण सामान्य वर्षा की कमी घटकर महज एक प्रतिशत रह गई है। 23 सितंबर तक राज्य में सामान्य से आठ प्रतिशत कम बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश को लेकर उपायुक्त ने जारी की अपील, जलस्रोतों और पर्यटक स्थलों से दूर रहने की सलाह
विभाग के अनुसार, एक जून से 26 सितंबर तक राज्य में 991.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 999.7 मिलीमीटर है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अति निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार को उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ में केंद्रित है। इसके प्रभाव से झारखंड में दोपहर बाद बारिश में कमी आई, हालांकि देर शाम तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में जमशेदपुर में सर्वाधिक 119.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रांची में 59.4 मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के कारण बिजली की आंख-मिचौली जारी रही और लोगों के दैनिक कामकाज प्रभावित हुए।
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में 27.2 और 25 डिग्री, डाल्टनगंज में 28.3 और 24.6 डिग्री, बोकारो में 27.5 और 22.1 डिग्री तथा चाईबासा में 26.8 और 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।



