पलामू। पलामू जिले से गुजरने वाले रांची-वाराणसी ग्रीनफील्ड कॉरिडोर (एनएच-39) पर पोखराहा और जोड़ में अंडरपास/फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सांसद विष्णु दयाल राम को पत्र भेजकर बताया है कि इन दोनों स्थानों पर यातायात सुविधा के लिए निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
यह भी पढ़े : 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, बोलेरो समेत दो आरोपित गिरफ्तार
31 अगस्त 2026 को भेजे पत्र में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अंडरपास (वीयूपी) यानी वाहनों के आवागमन के लिए सड़क के नीचे बनाया जाने वाला मार्ग के निर्माण के लिए पोखराहा गांव के पास किलोमीटर 165+700 तथा एलवीयूपी (लिमिटेड वर्टिकल क्लियरेंस अंडरपास) यानी सीमित ऊंचाई वाले वाहनों के लिए बनाया जाने वाला अंडरपास के लिए जोड़ गांव के पास किलोमीटर 169+023 को चिन्हित किया गया है।
इन दोनों अंडरपासों के निर्माण के लिए आवश्यक रेलवे ट्रांसमिशन लाइन को ऊपर उठाने की जरूरत है। इसके लिए आवश्यक ट्रांसमिशन लाइन शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू करने के लिए एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने 14 मार्च 2026 और 30 मार्च को 2 प्रतिशत सर्वेक्षण शुल्क एवं अनुमान तैयार करने का शुल्क रेलवे के पास जमा कर दिया है।
अंडरपास निर्माण के लिए आवश्यक यूटिलिटी शिफ्टिंग (उपयोगिता सेवाओं/लाइन को स्थानांतरित करने) का एस्टीमेट रेलवे प्राधिकरण से प्राप्त हो चुका है। इसकी अनुमानित लागत 3.43 करोड़ रुपये है। वर्तमान में सीओएस (कार्य के दायरे में बदलाव) के तहत दोनों अंडरपासों के निर्माण का एस्टीमेट एनएचएआई मुख्यालय स्तर पर सक्षम प्राधिकारी के विचार और सैद्धांतिक मंजूरी के लिए जांच के अधीन है। मंजूरी मिलते ही दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर अंडरपास निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा के नियम 377 के तहत उक्त अंडरपासों/फ्लाईओवर के निर्माण की आवश्यकता से सबंधित मामले को सांसद वीडी राम ने लोकसभा में उठाया था।


