पूर्वी सिंहभूम। बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर 330 लीटर देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को जब्त करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भुईयाडीह ग्वाला बस्ती निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू (31) और धीरेन तांती उर्फ पिंटू के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े : झारखंड में 17 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट
रविवार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विधि व्यवस्था सुमित कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मोड़ से बोलेरो के जरिए देशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास वाहन जांच शुरू की।
डीएसपी ने बताया कि करीब 2.15 बजे काले रंग की बोलेरो (जेएच 05डी 0736) वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस बल ने पीछा कर बोलेरो को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन की बीच और पीछे की सीटों पर रखे 11 बोरों से कुल 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई। वाहन में सवार दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और 7,550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। डीएसपी ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
छापामारी अभियान में डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, अरुण कुमार सहित पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


