पलामू। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने लाभुकों के बीच कृषि उपकरणों का वितरण किया।
यह भी पढ़े : झारखंड में पांच नवंबर तक छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना
मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत तरहसी प्रखंड के पहसैर गांव स्थित प्रिया महिला विकास स्वयं सहायता समूह को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर एवं अन्य सहायक कृषि यंत्र दिया गया।
वहीं, कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत 10 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर 1.5 एचपी के पंप सेट और 200 फीट एचडीपीई पाइप वितरित किए गए।
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती-किसानी आसान होगी। सिंचाई की सुविधा बढ़ने के साथ फसल उत्पादन और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी। भूमि संरक्षण पदाधिकारी रिजवान अंसारी ने बताया कि इन उपकरणों से लाभुकों को सिंचाई और कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह, कृषक समूह एवं लैम्प्स-पैक्स भूमि संरक्षण कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 80 प्रतिशत अनुदान पर ग्राम स्तरीय कृषि उपकरण बैंक की स्थापना और कृषि यंत्रों की खरीद का प्रावधान है।



