खूंटी। भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल, जमीन बचाओ संघर्ष समिति की बैठक शुक्रवार को गोविंदपुर में हुई। बैठक में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से छूटे आदिवासी मतदाताओं के नाम जुड़वाने और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। समिति की टीम ने वैध दस्तावेजों के आधार पर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई।
यह भी पढ़ें : खेलो झारखंड राज्य स्तरीय हॉकी-एथलेटिक्स प्रतियोगिता तीन अक्टूबर से
बैठक से पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्पार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने गांधीजी के अहिंसा और शांति के विचारों को याद करते हुए समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने और जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प लिया।
खूंटी जिला समिति के अध्यक्ष जाॅनशन होरो ने कहा कि एसआईआर में किसी भी वैध झारखंडी आदिवासी-मूलवासी मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा। वर्तनी संबंधी त्रुटि के कारण मूल आदिवासी का नाम कटना गंभीर मामला है। उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा प्रस्तुत करने की अपील की।
पड़हा समिति के संयोजक शिबु होरो ने समाज को एकजुट रहने और अपनी पुस्तैनी जमीन और संस्कृति की रक्षा करने पर जोर दिया।
बैठक में पेसा एक्ट, ग्राम सभा और पांचवीं अनुसूची के संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को ग्राम सभा में जागरूकता कार्यक्रम कराने का निर्णय लिया गया। बिरसा मुंडा जयंती पर खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने पर भी विचार हुआ। संचालन रोशन उरांव, संदीप लकड़ा और संजय मुंडा ने किया।


