रामगढ़। जिले में आगामी शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार को डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मेला परिसरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, पेयजल सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें : एनडीए के सभी घटक दल संयुक्त रूप से चलाएं अभियान: नीतीश कुमार
डीसी एवं एसपी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बड़काकाना स्थित पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहन पार्किंग, झूले और स्टॉलों के लेआउट की बारीकी से जांच की गई। पूजा समितियों को सरकारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीसी ऋतुराज ने स्पष्ट किया कि मेला परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना कोई झूला, व्यावसायिक दुकान या खान-पान का स्टॉल नहीं लगाया जा सकेगा। अनुमति उन्हीं आयोजकों को दी जाएगी, जो निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करेंगे।
आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी पूजा पंडालों और खाद्य स्टॉलों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन उपकरण रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं मेला परिसर में बड़े व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्रों एवं पूजा पंडालों के आसपास निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा क्रियाशील सचल शौचालय, व्यवस्थित वाहन पार्किंग और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। सभी प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए पूजा समितियों के वालंटियर्स के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
मेले में चेन स्नेचिंग एवं पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सादे लिबास में पुलिस जवानों की विशेष एंटी-स्नैचिंग टीम तैनात की जाएगी। महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित एवं स्वीकृत विसर्जन रूट लाइन का शत-प्रतिशत पालन करना होगा। किसी भी परिस्थिति में विसर्जन मार्ग में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने जिलावासियों एवं श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, शांति और जनसुविधाओं को बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस मशीनरी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। डीसी और एसपी ने पूजा समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है।


