जयनगर (कोडरमा): जयनगर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में घायल भाई-बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को बहन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उधर, एक साथ दो मौतों से नाराज ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में धरना देने की तैयारी शुरू कर दी। हालात को देखते हुए बीडीओ और सीओ को खुद गांव पहुंचकर लोगों से बातचीत करनी पड़ी। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सीओ की गाड़ी को भी घेर लिया।
घटना 10 अक्टूबर की सुबह की है। जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय अजमत अंसारी अपनी 25 वर्षीय बहन हसाबुन खातून को मरकच्चो स्थित उसके ससुराल से लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जयनगर प्रखंड कार्यालय के पास एफसीआई के एजीएम बिनोद कुमार अपनी बाइक से कार्यालय की ओर मुड़ रहे थे। तभी पीछे से आ रही अजमत की बाइक उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजमत और उसकी बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिम्स में इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
हादसे के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार और अंचलाधिकारी सारांश जैन की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान अजमत अंसारी की मौत हो गई। वहीं, उसकी बहन हसाबुन खातून जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। गुरुवार को उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दोनों भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में मातम छा गया। परिजनों के साथ ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि हादसे में दो लोगों की जान चली गई है, इसलिए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने घेरा सीओ का वाहन
गुरुवार को ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय में धरना देने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर बीडीओ गौतम कुमार और सीओ सारांश जैन खुद मृतकों के घर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सीओ की गाड़ी को घेर लिया।
काफी देर तक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत चली। आखिरकार मुआवजे को लेकर सहमति बनी। तय हुआ कि एफसीआई के एजीएम की ओर से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी प्रावधानों के तहत दोनों मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। इस तरह कुल 10 लाख रुपए की सहायता पर सहमति बनने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मामला शांत होने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में भाई-बहन की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।




