धनबाद: देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पू कुमार तिवारी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने इंदिरा गांधी के कार्यों, देश के प्रति उनके योगदान और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय इतिहास की एक मजबूत स्तंभ थीं। उन्होंने अपनी राजनीतिक क्षमता, साहस और फैसले लेने की दृढ़ता से पूरी दुनिया की राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी।
पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी को उनके निर्भीक फैसलों और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण पूरी दुनिया में लौह महिला के रूप में जाना जाता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसले लिए। उनके कई ऐतिहासिक निर्णय भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने देशहित और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए और देश को नई दिशा दी।
1971 के युद्ध में दुनिया के सामने नहीं झुकीं इंदिरा गांधी
पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की सबसे मजबूत और तेजतर्रार नेताओं में से एक थीं। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने विश्व शक्तियों के दबाव के सामने झुकने के बजाय देशहित में साहसिक फैसले लिए। उनके नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में जीत हासिल की। इस युद्ध के बाद पाकिस्तान का विभाजन हुआ और बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश के रूप में सामने आया। इस फैसले ने दक्षिण एशिया का राजनीतिक भूगोल बदल दिया।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की निर्णय लेने की क्षमता और मजबूत नेतृत्व आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश के हितों को प्राथमिकता दी और अपने फैसलों से दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया।
बैंकों और कोयला उद्योग का किया राष्ट्रीयकरण
पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में बैंकों का राष्ट्रीयकरण, कोयला उद्योग का राष्ट्रीयकरण और रजवाड़ों को मिलने वाले प्रिवी पर्स की समाप्ति जैसे बड़े फैसले लिए गए। इन फैसलों का देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा। उन्होंने गरीबी हटाओ का नारा देकर आम लोगों के जीवन और आजीविका से जुड़े मुद्दों को राजनीति के केंद्र में रखा।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और देश के प्रति समर्पण का उदाहरण है। आज जरूरत है कि हम सभी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लें और देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लें।




