पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत थाना क्षेत्र के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर करीब 14 महत्वपूर्ण स्थानों पर ‘रक्षक ऐप’ के बारकोड स्टीकर लगाए गए हैं।
यह भी पढ़े : आप हमेशा याद आएंगे भैया ! मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
रविवार को थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में प्रोबेशनर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बिरजू कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक मिथुन कुमार भी शामिल रहे। पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप, कोल्हान रेंज कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, प्रमुख चौक-चौराहों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बारकोड स्टीकर लगाए।
इस व्यवस्था का उद्देश्य बीट पुलिसिंग के तहत गश्ती दल की गतिविधियों की डिजिटल निगरानी करना है। गश्ती के दौरान पुलिसकर्मी निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर वहां लगे बारकोड को ‘रक्षक ऐप’ के माध्यम से स्कैन करेंगे। इससे संबंधित स्थान पर गश्ती दल के पहुंचने की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज हो जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से यह निगरानी करने में आसानी होगी कि गश्ती दल निर्धारित रूट और चिन्हित स्थानों पर नियमित रूप से पहुंच रहा है या नहीं। इससे संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ गश्ती व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से बीट पुलिसिंग को और व्यवस्थित किया जा रहा है। इससे पुलिसकर्मियों की गश्ती पर नजर रखने के साथ स्थानीय स्तर पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी में भी मदद मिलेगी। किसी घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।
पुलिस का मानना है कि संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती की निगरानी बढ़ने से असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। बारकोड लगाने के बाद अब गश्ती दलों द्वारा निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर इन्हें नियमित रूप से स्कैन करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।



