Ranchi : भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को सरला बिरला परिसर, रांची में संपन्न हो गई। 26 से 28 जुलाई तक आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, बदलते श्रम परिदृश्य, श्रम सुधारों तथा समसामयिक राष्ट्रीय श्रम विषयों पर व्यापक मंथन किया। बैठक के दौरान प्रस्तावित श्रम सुधारों और चार श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
यह भी पढ़े : परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच एमओयू, मुख्यमंत्री ने दिए लाइसेंस प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश
कार्यसमिति ने निर्णय लिया कि भारतीय मजदूर संघ दो प्रमुख श्रम संहिताओं औद्योगिक संबंध संहिता (आईआर कोड) और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता (ओएसएच कोड) के संबंध में अपने सुझाव एवं आपत्तियां औपचारिक रूप से केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगा, ताकि श्रमिकों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्यसमिति ने बोनस अधिनियम तथा कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत वर्तमान 21,000 रुपये की वेतन सीमा को बढ़ाकर 42,000 रुपये किए जाने की मांग एक बार फिर उठाई।



