पलामू। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के तहत सोमवार को पलामू जिले के पांकी प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेला का शुभारंभ चतरा सांसद काली चरण सिंह, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पांकी प्रखंड प्रमुख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
यह भी पढ़ें : महुआ माजी के प्रयास से युवक के शव लाने के प्रयास में आई तेजी
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक कंपनियों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को उपलब्ध रोजगार के अवसरों, पदों, योग्यता और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। रोजगार प्राप्त करने की इच्छा से 1200 से अधिक युवाओं ने निबंधन कराया। समाचार लिखे जाने तक अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी और चयन प्रक्रिया जारी थी।
चतरा सांसद काली चरण सिंह और उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चयनित 10 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया।
मौके पर सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ता कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। युवाओं में हुनर और कार्य करने की इच्छाशक्ति हो तो रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास से जुड़ने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकसित करना भी जरूरी है। डीडीयू-जीकेवाई जैसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि जिले में 24 से 29 सितंबर तक दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत प्रखंड स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
रोजगार मेले में जेएसएलपीएस डीपीएम, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।


