RANCHI : रांची में शनिवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नामकुम स्थित खोजाटोली आर्मी ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक्स की टीम ने भव्य एयर शो किया।
इस दौरान भारतीय वायुसेना के जाबांज पायलटों ने हॉक जेट विमानों से आसमान में अद्भुत और हैरतअंगेज करतब दिखाये। आसमान में शौर्य और कौशल का अद्भुत संगम देख रांची की जनता रोमांचित हो गयी। रांची के आसमान में पराक्रम की गूंज से सभी का चेहरा खिल उठा और सभी ने तालियां बजाकर भारतीय वायुसेना के जाबांज पायलटों का मनोबल बढ़ाया। एयर शो कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, एसडीओ उत्कर्ष कुमार सहित कई अधिकारी शामिल थे।