रांची। रांची के बिरसा मुंडा जेल पार्क में बंगाली युवा मंच चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय बांग्ला सांस्कृतिक मेला का आयोजन 9 से 11 मई तक किया जायेगा। इस आयोजन का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। ट्रस्ट के संरक्षक सुप्रियो भट्टाचार्य सहित अन्य ने संयुक्त रुप से बुधवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
यह भी पढ़े : भारतीय सेना के साहस और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व : नीतीश कुमार
उन्होंने बताया कि मेला 9 मई को सुबह 9 बजे दुर्गा बाड़ी से निकलने वाली उस प्रभात फेरी से आरंभ होगा, जो एचपी रोड होते हुए बिरसा मुंडा जेल पार्क पहुंचेगी। इस प्रभात फेरी में महिलाएं पारंपरिक लाल पाड़ की साड़ी और पुरुष धोती-कुर्ता पहनकर भाग लेंगे। सबसे आगे कीर्तन मंडली होगी, जिसके पीछे फूल-मालाओं से सजे ट्रक पर रविंद्रनाथ टैगोर की तस्वीर, बांग्ला वर्णमाला और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की सजावट सांस्कृतिक गौरव को दर्शाएगी। हर शाम 6 बजे से स्थानीय कलाकारों की ओर से संगीत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 7 बजे से कोलकाता से आए डांस ग्रुप ‘डांस गिल’ और ‘मोहुल बैंड’ अपनी नृत्य और संगीत प्रस्तुति से मंच को जीवंत बनाएंगे।
ट्रस्ट के संरक्षक ने बताया कि मेले के दूसरे दिन 10 मई को सुबह 11 बजे से स्थानीय चित्रकारों की ओर से मेला थीम पर आधारित चित्रकला प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शाम 5 बजे प्रसिद्ध बांग्ला लेखक समरेश बसु की जन्मशताब्दी के अवसर पर एक विशेष साहित्यिक व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 7:30 बजे हास्य नाटक ‘यम एप’ का मंचन होगा और मल्हार कर्मकार बैंड संगीतमय समापन प्रस्तुति देगा।
मेला के अंतिम दिन, 11 मई को सुबह 11 बजे से पेंटिंग और पारंपरिक बांग्ला परिधान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम 6:30 बजे स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुति के बाद, 7 बजे से सम्मान समारोह होगा। इस अवसर पर विशेष अतिथि डॉ. देवेश ठाकुर कविता पाठ करेंगे। मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
भट्टाचार्य ने कहा कि रांची और झारखंड के लोगों को इस सांस्कृतिक मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है। यह सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध विरासत को संजोने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। प्रेस वार्ता में सिद्धार्थ घोष, अमित दास, डॉ पम्पा सेन विश्वास और अभिजीत दत्ता भी शामिल थे।