रांची। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को आम जनता के साथ बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 124वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद सभी ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने कानपुर मंडल के जनप्रतिनिधियों संग की विशेष संवाद बैठक
झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह जिलांतर्गत चंदौरी मंडल में बूथ संख्या 116 पर, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने सरिया मंडल के बूथ संख्या 111/112 पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची महानगर के सुखदेव नगर मंडल स्थित बूथ संख्या 114 पर कार्यक्रम को सुना।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक बंका आदि शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यक्रम के बाद कहा कि ‘मन की बात’एक प्रेरक कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री की ओर से भारत की प्रगति, प्रकृति, संस्कृति, युवाओं के प्रयास और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय अपने संबोधन में शामिल किए जाते हैं,जो नई पीढ़ी को नई दिशा देते हैं।
मरांडी ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत की यात्रा पर निकल पड़ा है, जिसमें झारखंड राज्य भी प्रमुखता से शामिल है। झारखंड लोग विकसित भारत की यात्रा में पूरी तरह से भागीदार हैं।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.रविंद्र कुमार राय ने कहा कि भारत का जन मन एक महीने तक प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार करता है। यह कार्यक्रम भारत की विकास यात्रा का एक संक्षिप्त दस्तावेज होता है।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा विज्ञान और विरासत के साथ आगे बढ़ रही है। भारत के प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समावेश से आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत का सपना नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा होगा।
प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’को प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा सहित प्रदेश, जिला और मंडल के पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों पर सुना।