Sahibganj : साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर महाराजपुर स्टेशन के समीप शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के चलते साहिबगंज-बर्धमान मेमू पैसेंजर ट्रेन को लगभग 48 मिनट तक मौके पर ही खड़ा रहना पड़ा, जिससे रेल परिचालन कुछ समय के लिए बाधित रहा।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर ट्रेन संख्या 63064 (साहिबगंज-बर्धमान मेमू पैसेंजर) महाराजपुर स्टेशन से खुली थी। ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़कर पोल संख्या 217/13 के पास पहुंची ही थी कि अचानक एक महिला गाड़ी के सामने आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त की गई। मृतका की पहचान महाराजपुर बाजार के निवासी भरत राम की सास के रूप में हुई है।
48 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
हादसे के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा। शव को ट्रैक से हटाने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने में समय लगा, जिसके कारण ट्रेन करीब 48 मिनट तक वहां खड़ी रही। इसके बाद ही परिचालन सामान्य हो सका।




