DHANBAD : राजगंज थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर (कोलकाता–दिल्ली सिक्स लेन) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार एक ऑल्टो कार के बाएं तरफ के दोनों टायर अचानक फट गए, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान धनबाद की ओर से आ रही XUV कार ने ऑल्टो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रही ब्रेजा कार और बुलेट बाइक भी आपस में भिड़ गए, जिससे दुर्घटना और गंभीर हो गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार में पांच लोग सवार थे, जो एक छोटे बच्चे को डॉक्टर को दिखाने के लिए धनबाद जा रहे थे। हाई स्कूल फ्लाईओवर के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना में पति-पत्नी घायल हो गए, जबकि बच्चे को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।




