BOKARO : बेरमो के गांधीनगर थाना क्षेत्र की कुरपनिया राय साहब फाइल निवासी 28 वर्षीय युवती ने पेटरवार प्रखंड के अंगवाली गांव के सुनील रविदास पर 10 साल से शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और हाल ही में जहर देकर हत्या की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि सुनील रविदास ने अंगवाली स्थित उसके ननिहाल में पढ़ाई के दौरान जान-पहचान बढ़ाई और 10 वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इस दौरान उसने धोखे से अश्लील वीडियो बनाए और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। 17 अप्रैल को रांची के इरबा के पास ले जाकर खाने में जहर मिलाया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। मेदांता अस्पताल में जांच से जहर की पुष्टि हुई। उसके बाद आरोपी ने युवती का नंबर ब्लॉक कर दिया और 26 अप्रैल को धनबाद के तोपचाची की दूसरी लड़की से शादी की योजना बना ली।
गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया, “युवती के आवेदन पर मामला दर्ज कर छापेमारी की जा रही है। आरोपी सुनील रविदास को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” पुलिस ने तोपचाची थाना क्षेत्र की होने वाली दुल्हन के परिजनों को भी इस मामले की जानकारी दे दी है।
Previous Articleफ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, कई वाहन टकराए, बच्चे सहित कई घायल
Next Article 2022 से लापता युवक का नरकंकाल बरामद



