पश्चिमी सिंहभूम। जनपद के नक्सल प्रभावित टोन्टो प्रखंड के बुन्डु गांव में शुक्रवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की महिला समिति की ओर से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला समिति की अध्यक्ष सुखमती पुरती ने किया।
यह भी पढ़े : डीएवी कपिलदेव की नर्सिंग स्टाफ से यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व प्रिंसिपल को तीन साल की सजा
अभियान के दौरान महिलाओं ने गांव में रैली निकालकर लोगों को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। महिलाओं ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ और ‘स्वस्थ परिवार, खुशहाल गांव’ जैसे संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। समिति की सदस्यों ने कहा कि नशे की वजह से परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं,आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और युवा पीढ़ी गलत रास्ते की ओर जा रही है। ऐसे में गांव स्तर पर सामूहिक पहल बेहद जरूरी हो गई है।
महिला समिति की अध्यक्ष सुखमती पुरती ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि लोग शराब और नशीले पदार्थों से दूरी बनाकर बच्चों की शिक्षा,परिवार की खुशहाली और गांव के विकास पर ध्यान दें। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं अब सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठा रही हैं और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
अभियान में शामिल महिलाओं ने संकल्प लिया कि गांव में किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार या सेवन को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों को समझाया गया कि नशा छोड़कर मेहनत,शिक्षा और रोजगार की ओर बढ़ने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस मौके पर रानदाय पुरती,बुरसु अंगारिया,बेला पूर्ति,मुगी पुरती,दुगी पुरती, लक्ष्मी पुरती,लेम्बो अंगरिया समेत कई ग्रामीण महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।




