खूंटी। जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और कुछ ही देर में तेज हवा चलने लगी। इसके बाद शुरू हुई बारिश ने पूरे वातावरण को ठंडा और सुहावना बना दिया।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री से मिले जैक के अध्यक्ष
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। सुबह होते ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही थी। ऐसे में शुक्रवार को हुई बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई। बारिश के दौरान भगवान सूर्य बादलों की ओट में छिप गए और पूरा मौसम खुशनुमा हो गया। सड़कों पर लोगों को गर्मी से राहत मिलती दिखाई दी। बच्चों ने भी बारिश का आनंद लिया।
वहीं, इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में नमी आएगी और खेती-किसानी के कार्यों में आसानी होगी। विशेष रूप से धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है। किसानों ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम अनुकूल रहा तो खेती को फायदा मिलेगा।
हालांकि तेज हवा के कारण कुछ जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी खबर है। इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने बारिश का स्वागत किया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है। जिले में बारिश के बाद चारों ओर हरियाली और ठंडक का माहौल देखने को मिला।
मौसम के अचानक आए परिवर्तन के संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ राजन चौधरी ने बताया कि 31 मई तक हर दिन छिटपुट बारिश होगी। एक से तीन जून तक तेज हवा और मेघ गर्जन होगा। उन्होंने कहा कि कृषि के लिए बारिश काफी लाभदायक होगा।




