रांची। रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को नगड़ी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और तकनीकी प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़े : झारखंड के 11 जिलों में रविवार को भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों की सुरक्षा और विश्वसनीयता बनी रहे।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, नगड़ी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी नगड़ी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपायुक्त को वेयरहाउस की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा इंतजामों और रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित अंतराल पर ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा, रख-रखाव, सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया जाता है। इसके बाद तैयार की गई रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी जाती है।
इसी प्रक्रिया के तहत शनिवार को उपायुक्त ने वेयरहाउस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम वेयरहाउस की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।




