पूर्वी सिंहभूम। मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभाव के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को भव्य जागरूकता रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 10 जून से 26 जून तक पूरे झारखंड में संचालित राज्यव्यापी नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान का जिले में औपचारिक समापन हुआ। उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए साकची गोलचक्कर तक पहुंची। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
यह भी पढ़े : झारखंड में 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट जारी
रैली के दौरान स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों के हाथों में नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश देने वाली तख्तियां थीं, जिन पर लिखे जागरूकता स्लोगन लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की। रैली के बाद मानव श्रृंखला बनाकर सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि राज्यव्यापी अभियान के दौरान जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रैली, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, संवाद कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं से शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



