गिरिडीह। उत्पाद विभाग और गिरिडीह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री का खुलासा कर लाखों रुपये की नकली विदेशी शराब और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस ने जिले के बेंगाबाद थाना इलाक के घाघरा में छापेमारी कर 350 पेटी नकली शराब जब्त की है। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त सामानों की भी बरामदगी हुई है । मामले को लेकर अधीक्षक उत्पाद शिवकुमार साहू एवं थाना प्रभारी अमन कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता की ।
यह भी पढ़े : पिता ने की बेटी की हत्या, बचाने आए बुजुर्ग की भी गई जान,आरोपित गिरफ्तार
इस दौरान अधीक्षक उत्पाद ने बताया कि जिलाधिकारी रामनिवास यादव ने सख्त निर्देश दे रखा है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध शराब का कारोबार नहीं चलना चाहिए। डीसी के निर्देश के आलोक में लगातार सूचना एकत्र की जा रही थी। इस बीच सूचना मिली कि बेंगाबाद के घाघरा नामक स्थान पर अवैध रूप से शराब निर्माण किया जा रहा है।
सूचना का सत्यापन किया गया। सत्यापन होने के बाद एक टीम का गठन किया गया। टीम में उत्पाद अवर निरीक्षक रवि रंजन के अलावा पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण को शामिल करते हुए शनिवार की रात की थात छापेमारी की गई। छापेमारी के दाैरान बेंगबाद थाना प्रभारी अमन कुमार की टीम का भी सहयोग लिया गया। इसके बाद उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
जहां से भारी मात्रा में शराब बनाने का उपकरण, बोतल, विभिन्न ब्रांड का रैपर, ढक्कन सहित कई सामान जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि यहां भारी मात्रा में नकली शराब तैयार की गई, जिसे अलग-अलग स्थानों पर भेजना था। हालांकि उसे जब्त कर लिया गया।




