रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में 26 से 29 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़े : एमजीएम के दोनों जूनियर डॉक्टरों का शव झील से बरामद
मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई को राज्य के दक्षिणी एवं उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों, 27 जुलाई को उत्तरी-मध्य और निकटवर्ती पूर्वी भागों तथा 28 जुलाई को मध्यवर्ती एवं उससे लगे उत्तरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा और बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 52.5 मिलीमीटर वर्षा कोडरमा में दर्ज की गई। इस अवधि में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 34.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। रांची का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें, तो जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 30.3 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 27.8 डिग्री और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों, किसानों और यात्रियों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



