स्वदेश संवाददाता
बड़कागांव (हजारीबाग)। पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में कोयला परिवहन कार्य एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया। शनिवार की रात लगभग 11 बजे तेरह माईल से करीब 200 मीटर आगे घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने कोयला ढुलाई में लगे दो हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दोनों वाहनों को क्षति पहुंची है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।प्रत्यक्षदर्शी चालकों के अनुसार घटनास्थल पर तीन अपराधी पहले से मौजूद थे। अपराधियों ने दोनों हाईवा वाहनों पर लगभग सात राउंड गोलियां चलाईं। इतना ही नहीं, उन्होंने लोहे की रॉड से वाहनों के शीशों पर भी हमला किया, जिससे वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से एक पर्चा भी बरामद हुआ है, जिस पर “प्रिंस खान K.S.S.” अंकित है। पुलिस इस पर्चे की भी जांच कर रही है।गौरतलब है कि वर्ष 2026 में कोयला परिवहन कार्य को निशाना बनाए जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी तेरह माईल के समीप दिनदहाड़े अपराधियों ने कोयला ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चालक और परिवहन कार्य से जुड़े लोग भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।इधर, पकरी बरवाडीह परियोजना प्रबंधन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक हैं। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन शीघ्र ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पर्चे के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



