स्वदेश संवाददाता
बड़कागांव। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार सुबह पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड से लुकर जाने वाले मार्ग के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी जंगल का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि घायल अपराधी कि पहचान सैयद मोहम्मद जीशान के रूप में हुई है, जो हजारीबाग के बिलावल क्षेत्र का निवासी है। वह पूर्व में त्रिवेणी सैनिक कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में उसके प्रिंस खान गैंग से जुड़े होने तथा गैंग के साथ आर्थिक लेन-देन के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ सदस्य क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखते ही तीनों युवक भागने लगे। पुलिस के अनुसार भागने के क्रम में अपराधियों ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सैयद मोहम्मद जीशान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि जीशान वर्तमान में लातेहार क्षेत्र में रहकर प्रिंस खान गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था तथा हथियारों की आपूर्ति में भी सहयोग कर रहा था। घायल अपराधी पूर्व में एनटीपीसी में ड्राइवर के पद पर कार्य कर रहा था। फरार हुए दोनों अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
*हालिया गोलीबारी से भी जुड़े हैं तार*
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल ही में बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास हुई गोलीबारी की घटना के तार भी प्रिंस खान गैंग से जुड़े होने की आशंका है। उस घटना में अपराधियों द्वारा 7 से 8 राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद मौके पर पर्चा भी छोड़ा गया था, जिसमें गोलीबारी की जिम्मेदारी प्रिंस खान गैंग ने ली थी। पुलिस इस मुठभेड़ और पूर्व की गोलीबारी के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। एसपी अमन कुमार ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। फरार अपराधियों और गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।



