गुमला : जिले के जारी थाना क्षेत्र के जरडा पंचायत अंतर्गत मंगरुतल्ला गांव में रविवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो बुजुर्गों की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान भूषण खेरवार (60 वर्ष) और बुधराम खेरवार (70 वर्ष), दोनों मंगरुतल्ला गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों गांव में मौजूद थे। इसी दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जारी थाना प्रभारी शनि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों और संदिग्ध आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी शनि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।





