LATEHAR : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में चंदवा-चापी-लोहरदगा मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह से अधिक लोगों की मौत की खबर है। हादसा डेढ़टंगवा घाटी के पास हुआ, जहां एक ऑटो और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो कंटेनर के नीचे दब गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लातेहार सदर थाना क्षेत्र के सासंग गांव के कुछ लोग ऑटो से लोहरदगा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़टंगवा घाटी के पास सामने से आ रहे कंटेनर से ऑटो की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार करीब छह लोगों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल चंदवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लातेहार के डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे वित्त मंत्री और राज्यसभा सांसद
हादसे की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। वित्त मंत्री ने घटनास्थल से ही प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे में मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या तथा उनकी पहचान की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



