नई दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग को उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए फेडरेशन ऑफ़ इंडियन पब्लिशर्स अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन बुक प्रोडक्शन 2026 में सात पुरस्कार मिले हैं। विभाग की हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू में प्रकाशित पत्रिकाओं, पुस्तकों और संदर्भ प्रकाशनों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है।
यह भी पढ़े : बिहार पुलिस के 280 जवानों का 270 दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण एसएसबी हेडक्वार्टर में शुरू
प्रकाशन विभाग के महानिदेशक डॉ. धीरज काकड़िया ने पुस्तकों और पत्रिकाओं के संपादकों को सम्मानित किया और सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बधाई दी।
डॉ. धीरज काकडिया ने कहा कि प्रकाशन विभाग को मिले यह सात पुरस्कार अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रमाण हैं। यह सम्मान हमें विश्वसनीय और उपयोगी सामग्री प्रकाशित करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रकाशन विभाग हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू में उत्कृष्ट पुस्तकों और पत्रिकाओं के माध्यम से पाठकों तक ज्ञान, साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रीय विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विचारों और दृष्टिकोणों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
डॉ. धीरज काकडिया ने कहा कि विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकें और पत्रिकाएं राष्ट्रीय विकास, ज्ञान और विज्ञान, साहित्य, संस्कृति, कला और समकालीन मुद्दों से संबंधित विविध और मूल्यवान सामग्री को पाठकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इन सात पुरस्कारों में चार द्वितीय पुरस्कार और तीन तृतीय पुरस्कार शामिल हैं। यह उपलब्धि प्रकाशन विभाग की प्रकाशन उत्कृष्टता, संपादकीय गुणवत्ता और विषयवस्तु की विविधता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रकाशन
भारत 2026 (हिंदी) की संदर्भ पुस्तकों को – हिंदी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला।
विंग्स टू अवर होप्स – वॉल्यूम 2 को जनरल एंड ट्रेड बुक्स – अंग्रेजी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला।
‘विकसित भारत@2047’ विषय पर आधारित योजना – जुलाई 2026 (हिंदी) को पत्रिकाओं और गृह पत्रिकाओं – हिंदी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
कुरुक्षेत्र – 1952 से प्रकाशित होने वाली ग्रामीण विकास मासिक पत्रिका को पत्रिकाओं और गृह पत्रिकाओं – अंग्रेजी श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला।
तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रकाशन
धरती की सेहत को बाल साहित्य (सामान्य रुचि) (0-10 वर्ष) – हिंदी श्रेणी में तीसरा पुरस्कार मिला।
रंगोली रूप सुर ले की को कला और कॉफी टेबल बुक्स – हिंदी श्रेणी में तीसरा पुरस्कार मिला।
आजकल उर्दू – जुलाई 2026 को जर्नल्स एंड हाउस मैगजीन्स, इंडियन लैंग्वेजेज (उर्दू) श्रेणी में तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ।
ये पुरस्कार प्रकाशन विभाग की विश्वसनीय, ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध सामग्री के प्रकाशन और प्रसार में भूमिका को और मजबूत करते हैं। यह पुरस्कार विभाग को प्रामाणिक और जनहितकारी सामग्री के साथ पुस्तकें, पत्रिकाएँ और संदर्भ प्रकाशन पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।



