पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इस बैठक में कुल 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की खास बात यह रही कि बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। अब कैबिनेट की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस होगी।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, पेयजल, खेल और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके अलावा 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
पटना में पेयजल व्यवस्था के लिए 1794 करोड़ रुपये मंजूर
केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस योजना से राजधानी में स्वच्छ और बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
नालंदा में 564 एकड़ जमीन पर होगा औद्योगिक विकास
नालंदा जिले के इस्लामपुर में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ब्रहगांवा मौजा में 564.37 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 382.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
समस्तीपुर और शेखपुरा में भी उद्योगों को बढ़ावा
समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल के तीन मौजों में 480 एकड़ जमीन अधिग्रहण के लिए 261.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ जमीन अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
ग्राम कचहरी का बजट 4 हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये
राज्य की ग्राम कचहरियों को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने उनके वार्षिक प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी की है। अब प्रत्येक ग्राम कचहरी को 4,000 रुपये की जगह 24,000 रुपये मिलेंगे। यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से लागू होगी।
11 सरकारी डॉक्टरों की सेवा समाप्त करने का फैसला
कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इनमें डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून दिवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं।
IGIMS पटना में 64 नए पदों को मंजूरी
पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इससे अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग के 17 नए पदों को भी मंजूरी दी गई है।
पिछड़े वर्ग के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी
बिहार सरकार ने पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी कराने के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना को 164 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक विस्तार दिया गया है। इसके लिए 164 करोड़ 51 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को मंजूरी
राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा बिहार खनिज नियमावली 2026 को भी स्वीकृति मिली है।
खेल संघों को मिलेगा सरकारी अनुदान
राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका 2026 को मंजूरी दी गई है। इसके तहत मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सरकारी अनुदान दिया जाएगा।
किशनगंज में SSB के लिए जमीन हस्तांतरण
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में बिहार सरकार की 11.884 डिसमिल जमीन एसएसबी की 19वीं और 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण के लिए हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है।
पटना में STF मुख्यालय निर्माण की अवधि बढ़ी
पटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (STF) मुख्यालय भवन के निर्माण की समय सीमा एक साल बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
NBCC के साथ समझौते को मंजूरी
बिहार में ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक भवन, कार्यालय और आवासीय भवनों के विकास के लिए दिल्ली की एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड के साथ समझौते को मंजूरी दी गई है।
पहली बार हुई पेपरलेस ई-कैबिनेट बैठक
बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था के तहत मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। अब कैबिनेट के एजेंडे और दस्तावेज डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगे।
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि ई-कैबिनेट से कागज और समय दोनों की बचत होगी। इसके लिए टैबलेट पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि 6 से 7 महीने में ही बचत के माध्यम से वसूल हो जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सोशल मीडिया के जरिए बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी साझा की।
Read more : 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप, राज्यपाल से मिले प्रतिनिधि




