किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले में जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शी मार्ट खोले जाएंगे। इन मार्ट के जरिए जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिह्नित कर आवंटित करने का निर्देश दिया है।
बुधवार को समाहरणालय में आयोजित जीविका की मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों के उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और शहरी आजीविका मिशन के सहयोग से काम किया जाएगा।
Read more : रेलवे ने बदला ट्रेनों का शेड्यूल, साउथ बिहार और उत्कल एक्सप्रेस टाटानगर नहीं आएंगी
रोजगार और प्रशिक्षण पर दिया जोर
बैठक में डीएम ने जीविका दीदियों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तेजी लाने को कहा। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से जुड़े प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया।
जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
चाय उत्पादन बढ़ाने का निर्देश
डीएम ने सीजन शुरू होने से पहले महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष पहल करने को कहा। उन्होंने निर्धारित स्वयं सहायता समूहों को एक सप्ताह के भीतर परिक्रमी निधि उपलब्ध कराने और बैंक लिंकेज का लक्ष्य पूरा करने का भी निर्देश दिया।
मुर्गीपालन और बकरीपालन की हुई समीक्षा
बैठक में जीविका सुधा बिक्री केंद्र, मुर्गीपालन, बकरीपालन और मछली पालन से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सामुदायिक पुस्तकालय और करियर विकास केंद्रों का विस्तार करने पर भी चर्चा हुई।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं पर चर्चा
डीएम ने जीविका दीदियों की नर्सरी, सिलाई घर, जीविका दीदी की रसोई, सफाई घर और लॉन्ड्री सेवा सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और वित्तीय समावेशन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जीविका परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




