जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर बैंक खातों से पैसे निकालते थे।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित पानी टंकी के पीछे छापेमारी की। इस दौरान सभी 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Read more : यमुना एक्सप्रेसवे पर आज से नई स्पीड लिमिट लागू, 75 KM से तेज चलाने पर कटेगा चालान
गूगल पर डालते थे फर्जी कस्टमर केयर नंबर
पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी अलग-अलग ई-कॉमर्स और ऑनलाइन पेमेंट कंपनियों के नाम से फर्जी कस्टमर केयर नंबर गूगल पर डालते थे। जब कोई व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता था, तो आरोपी खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर उससे बात करते थे।
इसके बाद समस्या ठीक करने का बहाना बनाकर ग्राहक के मोबाइल पर APK फाइल भेजते थे। इसे डाउनलोड करवाने के बाद मोबाइल की बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से रुपये निकाल लेते थे।
कमीशन के लिए दूसरे अपराधियों को देते थे सिम
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्य अपने नाम पर चार-पांच या उससे अधिक सिम कार्ड लेते थे। बाद में इन्हें कमीशन लेकर दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इस तरह गिरोह के सदस्य ठगी के साथ-साथ साइबर अपराध के नेटवर्क को भी मजबूत कर रहे थे। इनका संपर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था।
दो अलग-अलग मामलों में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, पांच आरोपित साइबर अपराध थाना कांड संख्या 77/26 और बाकी पांच कांड संख्या 76/26 के आरोपी हैं।
पहले मामले में बंदरपुर्जी गांव के साजिद अंसारी, सागीर अंसारी, दिलबर अंसारी, कलीम अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरे मामले में संजय मंडल, राजू मंडल, टुनटुन मंडल, धीरज कुमार साव और अबीशन मुर्मू को पकड़ा गया है। इनमें तीन आरोपी मिहिजाम के लीलानगर कानगोई, एक हिल रोड मिहिजाम और एक जामताड़ा के बीरधाम का निवासी है।
छापेमारी में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल
पूरी कार्रवाई साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो की टीम ने की। छापेमारी में रिजर्व गार्ड के जवान और हवलदार भी शामिल थे।
इस साल 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस के अनुसार, जनवरी से 25 नवंबर 2026 तक साइबर अपराध के मामलों में कुल 170 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 410 मोबाइल फोन, 490 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक और चार लैपटॉप जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में शामिल लोगों के साथ-साथ उन्हें सिम कार्ड और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।




