रांची। झारखंड विधानसभा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठा। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में इसको लेकर राजकीय संकल्प पेश किया। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया के कारण राज्य के कई मतदाताओं को परेशानी हो रही है। दस्तावेजों की मांग और तकनीकी गड़बड़ियों के चलते वैध मतदाताओं के नाम भी संदेहास्पद सूची में शामिल किए जा रहे हैं।
Read more : उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, 10 आईपीएस समेत 28 अधिकारियों के तबादले
2.64 करोड़ मतदाताओं में से 16 प्रतिशत के नाम हटे
राजकीय संकल्प के अनुसार, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं। SIR के पहले चरण के बाद जारी प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ लोगों के नाम शामिल किए गए। इस तरह करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में नहीं आए। इसे लेकर सरकार ने चिंता जताई है।
27 प्रतिशत मतदाताओं को भेजा गया नोटिस
संकल्प में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची में शामिल 2.21 करोड़ लोगों में से करीब 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानकर नोटिस भेजा गया है। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले नाम की वर्तनी, उम्र में अंतर और माता-पिता के नाम में गड़बड़ी से जुड़े हैं।
सरकार का कहना है कि छोटी-छोटी गलतियों के कारण भी वैध मतदाताओं को नोटिस मिल रहे हैं। इससे लोगों को जरूरी दस्तावेज जुटाने और प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाता प्रभावित
राजकीय संकल्प में कहा गया कि राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक लोगों के नाम या तो प्रारूप सूची से हटाए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस जारी किया गया है।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने संकल्प के जरिए मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को सामने रखा। सरकार ने कहा कि तकनीकी और प्रक्रियागत गड़बड़ियों को दूर करने के साथ वैध मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है।




