जौनपुर। दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार देर रात जौनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने श्री शीतला चौकिया धाम में मां शीतला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दीप जलाया। इस दौरान उन्होंने सुख-समृद्धि की कामना की।
हर साल मां के दरबार में आते हैं मनोज तिवारी
दर्शन-पूजन के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से चौकिया धाम में भी देव दीपावली मनाई जा रही है। यहां का तालाब बेहद सुंदर है। उन्होंने बताया कि जौनपुर आने से पहले वह काशी गए थे। वहां दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल हुए। आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।
उन्होंने कहा कि मां शीतला का प्रेम और आशीर्वाद पूरे संसार को मिलता है। वह हर साल मां के दरबार में आते हैं और आगे भी आते रहेंगे।
2027 में BJP की जीत का किया दावा
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मनोज तिवारी ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी फिर से चुनाव जीतेगी और योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
अतरौलिया सीट पर चल रही चर्चा पर क्या बोले?
आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी मनोज तिवारी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि परिवार में थोड़ी-बहुत बातें होती रहती हैं। सभी लोग बैठकर बातचीत करेंगे और सब ठीक हो जाएगा।





