स्पोर्ट्स डेस्क: युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले। अब वैभव ने खुलासा किया है कि उनकी इस शानदार पारी के पीछे पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की खास सलाह का बड़ा योगदान रहा।
Read more : मनोज तिवारी ने किया 2027 में BJP की जीत का दावा, योगी के फिर CM बनने की कही बात
युवराज सिंह से आधे घंटे तक हुई थी बात
BCCI ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ऐतिहासिक पारी से पहले हुई बातचीत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मैच से एक दिन पहले उन्होंने चार लोगों से बात की थी। इनमें उनके पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, अंडर-19 क्रिकेट के दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह शामिल थे।
वैभव ने बताया कि युवराज सिंह से उनकी करीब 30 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान युवराज ने उन्हें बल्लेबाजी से जुड़ी कई अहम बातें समझाईं।
खराब प्रदर्शन से परेशान थे वैभव
वैभव ने बताया कि इस मैच से पहले उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इस वजह से वह काफी परेशान थे। बल्लेबाजी के दौरान उन्हें कई तरह की समस्याएं आ रही थीं। उन्होंने युवराज सिंह से खुलकर अपनी परेशानियां साझा कीं।
इसके बाद युवराज ने करीब आधे घंटे तक उन्हें समझाया और बल्लेबाजी को लेकर जरूरी सलाह दी। वैभव के मुताबिक, इस बातचीत से उनकी झिझक दूर हुई और उन्हें काफी मदद मिली।
अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास
अपनी पारी के दौरान वैभव ने सबसे तेज 150 और 200 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। जब उनसे इस उपलब्धि के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड तो मेरा ही था, मैंने फिर इसे तोड़ दिया।’
वैभव की इस पारी ने क्रिकेट जगत में उनकी अलग पहचान बना दी। BCCI ने भी उनकी ऐतिहासिक पारी के पीछे की कहानी साझा करते हुए युवराज सिंह के मार्गदर्शन को खास बताया।




