झांसी। झांसी में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभाग की टीम ने पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। इस दौरान बिसरोली ब्रांड की दो लीटर वाली 2151 पानी की बोतलें सीज कर दी गईं।
Read more : JSHPS Recruitment 2026: 4 दिसंबर तक करें आवेदन, जानें योग्यता और फीस
जांच में पता चला कि इन बोतलों की पैकिंग झांसी के खाद्य लाइसेंस के बजाय ललितपुर के लाइसेंस पर की जा रही थी। टीम ने पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट वेंडरों की लगातार जांच कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
सहायक आयुक्त खाद्य पवन कुमार ने बताया कि ‘जागरूकता अभियान एवं एफडीए आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत यूनिवर्सिटी क्षेत्र में मोबाइल लैब वैन के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की जांच कर लोगों को मिलावटी और सुरक्षित खाद्य सामग्री की पहचान बताई गई।
इसके अलावा खाद्य दुकानों में डोम-24 उपकरण से तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तेल की गुणवत्ता की जांच की गई। दुकानदारों को खराब और मिलावटी तेल का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
पवन कुमार ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर छह महीने तक की सजा और पांच लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायत टोल फ्री नंबर 18001805533 या विभागीय एप पर की जा सकती है। झांसी के लोग मोबाइल नंबर 9368414711 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कार्रवाई के दौरान सत्यम भारती, सुनील कुमार, झंकार सिंह, सैनिक सिंह, ज्ञानेंद्र पाल सिंह चंदेल और जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।




