भागलपुर। बिहार और झारखंड के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन सड़क परियोजना पर काम तेज हो गया है। भागलपुर के अलीगंज से भलजोर तक करीब 70 किलोमीटर लंबी सड़क को दो चरणों में फोरलेन बनाया जाएगा। परियोजना के पहले चरण पर 583.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी ने मंगलवार को हंसडीहा से भागलपुर तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रजौन और ढाकामोड़ के आसपास जमीन अधिग्रहण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
Read more : CEIR पोर्टल बना मददगार, बोकारो पुलिस ने खोज निकाले चार गुम मोबाइल
दो चरणों में होगा सड़क का निर्माण
परियोजना के पहले चरण में भागलपुर के अलीगंज से बांका जिले के खड़हारा गांव तक 36.6 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इस पर 583.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है।
दूसरे चरण में खड़हारा से बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित भलजोर तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए बांका जिले के बाराहाट, बांका और बौंसी प्रखंड के 16 गांवों में जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
जाम से मिलेगी राहत, सफर होगा आसान
फिलहाल यह सड़क दो लेन की है। इस रास्ते पर भारी वाहनों और कांवरियों की भीड़ के कारण अक्सर जाम लगता है। फोरलेन बनने के बाद यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी और सफर पहले से तेज और सुरक्षित होगा।
इस सड़क का फायदा बिहार के भागलपुर और बांका के साथ झारखंड के देवघर और दुमका तथा पश्चिम बंगाल जाने वाले लोगों को भी मिलेगा। इसके अलावा व्यापार और कृषि उत्पादों की ढुलाई भी आसान होगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




